कलियर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का भव्य गठन, पंडित जावेद साबिर दोबारा बने अध्यक्ष
कलियर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का भव्य गठन, पंडित जावेद साबिर दोबारा बने अध्यक्ष
पिरान कलियर स्थित कलियर प्रेस क्लब (रजि.) में आपसी सौहार्द, भाईचारे और अद्वितीय एकजुटता की मिसाल देखने को मिली है। बिना किसी चुनाव या मतभेद के सर्वसम्मति से प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है, जिसमें संरक्षक: प्रवेज़ आलम, अध्यक्ष: पंडित जावेद साबिर, महामंत्री: जावेद अंसारी, उपाध्यक्ष: सरवर सिद्दीकी, सचिव: असलम खान, कोषाध्यक्ष: नौशाद अली बनाए गए हैं।
इस बार के गठन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें किसी प्रकार की चुनावी प्रक्रिया या खींचतान की कोई गुंजाइश नहीं पड़ी। सभी पत्रकारों ने आपसी विश्वास और भाईचारे का परिचय देते हुए एक बार फिर पुराने नेतृत्व पर अपना अटूट भरोसा जताया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर पंडित जावेद साबिर ने कहा कि कलियर प्रेस क्लब हमेशा सच का साथ देने, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के मार्ग पर पूरी निष्ठा के साथ समर्पित रहेगा। नवनिर्वाचित महामंत्री जावेद अंसारी ने इस सर्वसम्मत गठन को पत्रकारों के बीच आपसी विश्वास, मेल-मिलाप और मजबूत एकजुटता का प्रतीक बताया। बैठक का एक अन्य मुख्य आकर्षण वरिष्ठ पत्रकार प्रवेज़ आलम का सर्वसम्मति से क्लब का संरक्षक मनोनीत होना रहा, बैठक के दौरान सभी उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि नई टीम पत्रकारों के मान-सम्मान, उनके बुनियादी अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से मिलकर काम करेगी। पत्रकारों ने यह भी विश्वास दिलाया कि वे कलियर प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। "एकता में ही शक्ति है"—कलियर प्रेस क्लब (रजि.) की इस नवनिर्वाचित टीम ने साबित कर दिया है कि आपसी भाईचारे से हर बड़े उद्देश्य को हासिल किया जा सकता है।