स्वच्छता की पाठशाला; बच्चों को बांटी गई पेंटिंग और निबंध किट
पिरान कलियर: स्वच्छता की पाठशाला; बच्चों को बांटी गई पेंटिंग और निबंध किट
कलियर। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी 2.0) को धरातल पर उतारने और भावी पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पंचायत पिरान कलियर ने एक सराहनीय पहल की है। मंगलवार को वार्ड नंबर 2 और 9 (ग्राम बेड़पुर) के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में विशेष आई.ई.सी. गतिविधियों का आयोजन किया गया।
नगर पंचायत द्वारा कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता की तैयारी हेतु सामग्री और किट का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कला और लेखन के माध्यम से बच्चों के मन में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
इस दौरान नगर पंचायत पिरान कलियर ईओ कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि "जनजागरूकता गतिविधियां स्वच्छ भारत मिशन की सफलता की नींव हैं। इस तरह के आयोजनों से बच्चे अपने घर और परिवेश को साफ रखने के लिए प्रेरित होते हैं।"
वही जावेद साबरी (सभासद प्रतिनिधि) ने कहा कि "यदि बचपन से ही सफाई की आदत डाल दी जाए, तो हम एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। अभिभावकों और शिक्षकों को भी इसमें सक्रिय सहयोग देना चाहिए।" इस अवसर पर ईओ कुलदीप सिंह चौहान, सभासद प्रतिनिधि जावेद साबरी, सभासद दिलबाग, गौरव पाल और हिमांशु , समस्त विद्यालय स्टाफ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।