टीईटी अनिवार्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार: टीईटी अनिवार्यता खत्म करने और पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

रुड़की (हरिद्वार): उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, जनपद हरिद्वार के तत्वावधान में शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षकों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता को समाप्त करने, आरटीई अधिनियम-2009 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से स्थायी छूट देने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने की मांग की।

विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च


जिले भर के हजारों शिक्षक दोपहर में विकास भवन परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

शिक्षकों का पक्ष: 'न्याय के विपरीत है यह अनिवार्यता'

संगठन के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा और जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय के बाद से वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षक मानसिक तनाव और असमंजस में हैं। नेताओं ने तर्क दिया कि:

  • ​जो शिक्षक आरटीई अधिनियम-2009 और एनसीटीई की 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना से पूर्व नियुक्त हुए हैं, उन पर टीईटी की अनिवार्यता थोपना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
  • ​इन शिक्षकों ने नियुक्ति के समय सभी अर्हताएं पूरी की थीं, ऐसे में उनके वर्षों के अनुभव को केवल एक परीक्षा के आधार पर संदेह के दायरे में रखना अनुचित है।
  • ​इन शिक्षकों को टीईटी से स्थायी छूट देकर सरकार को उनके सेवा-समर्पण का सम्मान करना चाहिए।

पुरानी पेंशन की मांग और आंदोलन की चेतावनी


शिक्षकों ने सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की भी पुरजोर मांग की। अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे संबंधित उच्च अधिकारियों तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

​शिक्षक नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन इस आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक उग्र करेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी और जिलेभर के शिक्षक मौजूद रहे।

Popular posts from this blog

कलियर दरगाह साबिर पाक की लंगर रसीदों में घोटाला, आरोपी कर्मचारी का दरगाह प्रबंधक संग वीडियो वायरल...

23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

कलियर से एक तीन माह के बच्चे का अपहरण और खरीद-फरोख्त मामले का उत्तराखंड और मेरठ पुलिस ने किया पर्दाफाश।