नीति आयोग और भारती एयरटेल फाउंडेशन ने लॉन्च किया 'द टीचर एप्प'
हरिद्वार के सरकारी स्कूलों में 'डिजिटल क्रांति': नीति आयोग और भारती एयरटेल फाउंडेशन ने लॉन्च किया 'द टीचर एप्प'
हरिद्वार (रोशनाबाद)। जनपद के राजकीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। विकास भवन रोशनाबाद के सभागार में नीति आयोग, जिला प्रशासन हरिद्वार और भारती एयरटेल फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में 'ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम' का भव्य शुभारंभ हुआ।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, डिजिटल साक्षरता और प्रभावी कक्षा प्रबंधन में दक्ष बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
शिक्षक ही शिक्षा की आधारशिला: सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र
मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 'द टीचर एप्प' के माध्यम से शिक्षकों को उच्च-गुणवत्ता वाले डिजिटल संसाधन प्राप्त होंगे। इससे जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN) और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के स्तर में व्यापक सुधार होगा।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:
द टीचर एप्प (The Teacher App): इस प्लेटफॉर्म के जरिए शिक्षक कभी भी, कहीं भी शोध-आधारित नवाचारों और डिजिटल सामग्री तक पहुँच सकेंगे।
कार्यक्रम में डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन और समावेशी शिक्षा जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम में शामिल सभी शिक्षकों और डायट प्रशिक्षुओं को 'द टीचर एप्प' का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया।
प्राथमिक शिक्षक संजय वत्स को उनकी सक्रियता के लिए 'प्रोएक्टिव टीचर' की उपाधि से सम्मानित किया गया।
अधिकारियों का आह्वान:
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने सभी शिक्षकों से इस तकनीक का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।
नीति आयोग के प्रतिनिधि ले. कर्नल जितेन्द्र कुमार वर्मा ने वर्चुअली जुड़कर नवीन शिक्षण विधियों पर बल दिया।
डायट प्राचार्य मेराज अहमद ने डीएलएड प्रशिक्षुओं को भी इस मंच से सीखने के लिए प्रेरित किया।
"द टीचर एप्प शिक्षणशास्त्र, नेतृत्व और सामाजिक विज्ञान जैसे क्षेत्रों में इंटरैक्टिव वेबिनार और स्व-गति आधारित पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है, जिससे शिक्षकों को सीधे कक्षा में मदद मिलेगी।" — श्रीमती वीणा त्यागी (प्रतिनिधि, भारती एयरटेल फाउंडेशन)
उपस्थिति:
कार्यक्रम में एससीईआरटी असिस्टेंट डायरेक्टर केएल बिजल्वाण, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, एयरटेल जोनल मैनेजर सुमित शांडिल्य, हम्माद अहमद सिद्दिकी और श्रीमती संतोष रावत (मंच संचालक) सहित शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।